MP में दो दिन गर्मी से राहत नहीं, ठिठका मानसून 3-4 दिन बाद पहुंचेगा केरल


Image Credit : twitter

स्टोरी हाइलाइट्स

बदलता मौसम : अनुकूल हुई परिस्थितियां, छत्तीसगढ़ समेत नौ राज्यों में तेज हवा के साथ आज हो सकती है बारिश..!

दक्षिण-पश्चिम मानसून रविवार को भी केरल नहीं पहुंचा। भारतीय मौसम विज्ञान (आइएमडी) के अनुसार मानसून ठिठक गया है। इसे केरल पहुंचने में 3-4 दिन और लग सकते हैं। पहले विभाग ने मानसून के 4 जून को केरल पहुंचने की बात कही थी। मानसून अमूमन 1 जून को केरल में दस्तक देता है।

दक्षिण अरब सागर के ऊपर पछुआ हवाओं के बढ़ने से स्थितियां अनुकूल हो रही हैं। मानसून लक्षद्वीप व दक्षिण अरब सागर के कुछ हिस्सों में बढ़ा है। सोमवार को स्थिति साफ होगी। राजस्थान, छत्तीसगढ़, ओडिशा, केरल, गोवा, महाराष्ट्र, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक में तेज हवा और बारिश के आसार हैं।  

इस साल सामान्य बारिश के आसार

मौसम विभाग ने कहा है कि इस साल मानसून सामान्य रहने का अनुमान है। इससे देश में खाद्य उत्पादन सामान्य रहेगा और महंगाई से राहत मिल सकेगी। किसान आमतौर पर 1 जून से फसलों की बुआई करते हैं। इसी समय अमूमन मानसून भारत पहुंचता है।

धूप और उमस से बेहाल, तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं

भोपाल: प्रदेश में रविवार को कुछ स्थानों पर बौछारें और बूंदाबांदी हुई। कई जगह धूप और उमस से लोग बेहाल रहे। अधिकांश स्थानों पर तापमान 38 से 42 डिग्री के बीच रहा। अगले दो दिन ऐसा ही मौसम रह सकता है। रविवार को उमरिया में 9 व नौगांव में 7 मिमी बारिश हुई। भोपाल में दिन भर धूप रही। रविवार को 42.3 डिग्री के साथ उमरिया सूबे में सबसे गर्म रहा।

42.3 डिग्री के साथ उमरिया सबसे गर्म, दो दिन प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर 38 से 42 डिग्री तापमान रहने की उम्मीद ।

कई हिस्सों में हो सकती है बूंदाबांदी

पचमढ़ी में तापमान 33 डिग्री रहा। इंदौर में सबसे कम 35 डिग्री पारा रहा। मौसम वैज्ञानिक एसएन साहू ने बताया कि छत्तीसगढ़ और राजस्थान में ऊपरी हवा का चक्रवात है। पूर्वी मप्र में कुछ स्थानों पर बादल, बौछारों की स्थिति बन रही है।