मुंबई से बेंगलुरु जा रही एअर इंडिया की एअरबस ए 320 फ्लाइट बुधवार-गुरुवार की देर रात उड़ान भरने के करीब 20 मिनट बाद मुंबई एयरपोर्ट लौट आई। अधिकारियों ने बताया कि हवा में एक इंजन बंद होने पर पायलट ने रेडियो पर ‘पेन-पेन ’ कॉल दी, जिसके बाद फ्लाइट को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित लैंड कराया गया।
विमानन इमरजेंसी प्रोटोकॉल में यह कॉल ‘मेडे’से एक स्तर नीचे मानी जाती है। इसका मतलब होता है कि स्थिति गंभीर है और तुरंत सहायता की जरूरत है, लेकिन तत्काल जानलेवा खतरे की स्थिति नहीं है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक टेकऑफ के दौरान तेज आवाज सुनाई दी और चिंगारी भी दिखीं। फ्लाइट को देर रात 2:05 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन यह करीब 2:30 बजे रवाना हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक उड़ान के कुछ ही मिनट बाद तकनीकी गड़बड़ी महसूस हुई। यात्रियों ने भी टेकऑफ के दौरान कुछ असामान्य महसूस होने की बात कही।
अधिकारियों ने बताया कि लैंडिंग के बाद संबंधित विमान को आगे की उड़ान के लिए रोका गया और उसकी विस्तृत तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। बाद में इसकी जगह दूसरी फ्लाइट ने सुबह 4:45 बजे बेंगलुरु के लिए उड़ान भरी।
पुराण डेस्क