PM मोदी के नाम एक और सम्मान; MP सीएम मोहन समेत कई लोगों ने दी बधाई, जानिए क्या है खासियत


Image Credit : X

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अब तक कई विदेशी सरकारें सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित कर चुकी हैं। रविवार को इस लिस्ट में एक और सम्मान जुड़ गया है। पीएम मोदी को मिलने वाला ये सम्मान इसलिए और भी खास हो जाता है क्योंकि पीएम मोदी से पहले साल 1969 में ब्रिटेन की पूर्व महारानी दिवंगत एलिजाबेथ को ही यह सम्मान दिया गया था।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक पोस्ट शेयर करते हुए पीएम मोदी और देश वासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी है,

सीएम मोहन ने लिखा है, 

एक और कीर्तिमान, एक और वैश्विक सम्मान... आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को नाइजीरिया के राष्ट्रीय पुरस्कार, 'Grand Commander of the Order of the Niger' से सम्मानित होने पर देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह सम्मान केवल 140 करोड़ भारतीयों के लिए गर्व का ही क्षण नहीं, अपितु वैश्विक परिदृश्य में भारत के बढ़ते वर्चस्व का प्रमाण है। विश्वभर में माँ भारती का गौरव बढ़ाने के लिए अभिनंदन प्रधानमंत्री जी!

आपको बता दे, कि नाइजीरियाई सरकार ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया। इस सम्मान का नाम ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द नाइजर’ है। नाइजीरिया के राष्ट्रपति होला अहमद टीनुबू ने राजधानी अबुजा में एक भव्य समारोह में पीएम मोदी को यह तोहफा दिया।

सम्मान स्वीकार करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'मैं पूरी विनम्रता से इसे 140 भारतीयों और भारत-नाइजीरिया की दोस्ती को समर्पित करता हूं। इसके लिए मैं नाइजीरियाई सरकार और नाइजीरिया के नागरिकों को धन्यवाद देता हूं।

यह किसी विदेशी सरकार द्वारा पीएम मोदी को दिया गया 17वां सर्वोच्च नागरिक सम्मान है। अब उन्हें दुनिया में सबसे अधिक विदेशी सम्मानित वैश्विक नेता के रूप में पहचाना जाता है। पीएम मोदी शनिवार देर शाम नाइजीरिया के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे। 17 साल बाद किसी भारतीय पीएम का यह पहला नाइजीरिया दौरा था, जिसका जिक्र पीएम मोदी ने अपने भाषण में भी किया।

उन्होंने रविवार को राष्ट्रपति टीनुबू के साथ द्विपक्षीय वार्ता की, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों के सभी आयामों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके बाद पीएम मोदी देर रात नाइजीरिया से ब्राजील के लिए रवाना हुए। पीएम दो दिनों के लिए ब्राजील में रहेंगे जहां वह G-20 शिखर सम्मेलन में भारतीय टीम का नेतृत्व कर  रहे हैं। ब्राजील के बाद मोदी गुयाना भी जाएंगे।

नाइजीरिया के राष्ट्रपति के साथ द्विपक्षीय मुलाकात को लेकर पीएम मोदी ने कहा, 'नाइजीरिया के साथ रिश्ते मजबूत करना भारत की अहम प्राथमिकता है. यह खुशी की बात है कि हमने अपने आपसी संबंधों को और मजबूत करने और विस्तार देने की बात कही है।' अर्थशास्त्र, ऊर्जा, कृषि, सुरक्षा, फिनटेक, लघु और मध्यम उद्यमिता और संस्कृति के क्षेत्र में नई संभावनाएं बन रही हैं। भारत और नाइजीरिया को दोनों देशों और अफ्रीकी महाद्वीप के लोगों के लिए समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए घनिष्ठ साझेदारी सुनिश्चित करनी चाहिए।

बाद में पीएम मोदी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि नाइजीरिया के राष्ट्रपति के साथ उनकी बातचीत बेहद सफल रही। दोनों देश मौजूदा रणनीतिक साझेदारी की गति को बनाए रखने पर सहमत हुए। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी सूचना में कहा गया कि मोदी और टीनुबू ने आतंकवाद और उग्रवाद के खिलाफ सहयोग पर भी चर्चा की। रक्षा और सुरक्षा ऐसे दो क्षेत्र हैं जिनमें दोनों देश काफी संभावनाएं देखते हैं।