MP में शीतलहर जारी, 4.8 डिग्री सेल्सियस तक गिरा भोपाल का तापमान, कई जिलों में कोहरे का अलर्ट जारी


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

ठंड के ट्रिपल अटैक का सामना कर रहे मध्य प्रदेश के लिए मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में ज़्यादातर इलाकों में ठंड बढ़ने की चेतावनी जारी की..!!

मध्य प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की ठंड से लोगों का हाल बेहाल है, साथ ही आम जनजीवन को भी ठंड ने बुरी तरह से प्रभावित किया है। इस समय प्रदेश ठंड के ट्रिपल अटैक का सामना कर रहा है। शीतलहर, घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने लोगों  को कंपकंपाने पर मजबूर कर दिया है। इसी बीच, मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में राज्य के ज़्यादातर इलाकों में ठंड बढ़ने की चेतावनी जारी की है।

राज्य के मौसम के अनुमान का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। बीती रात राजधानी भोपाल में सबसे कम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार-मंगलवार की रात राज्य भर के कई शहरों में न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गया। भोपाल में इस सीजन की सबसे ठंडी रात रही।

बता दें, कि 2016 के बाद पिछले 10 सालों में यह तीसरी सबसे ठंडी रात थी। पिछले साल 16 दिसंबर को तापमान 3.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।

भोपाल देश का 8वां और मध्य प्रदेश का दूसरा सबसे ठंडा शहर बन गया। शाजापुर में राज्य में सबसे कम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

इंदौर में 5.4 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर-जबलपुर में 9 डिग्री सेल्सियस और उज्जैन में 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रीवा, सतना और सिद्धि में विजिबिलिटी 200 से 500 मीटर तक रही। शाजापुर सबसे ठंडा शहर रहा, जहां तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। 

मंदसौर में तापमान 4.6 डिग्री, कल्याणपुर में 5 डिग्री, शहडोल के नौगांव-राजगढ़ में 5.2 डिग्री, पचमढ़ी में 5.2 डिग्री, रीवा में 5.5 डिग्री, रायसेन में 6.5 डिग्री, मलाजखंड में 7.1 डिग्री, उमरिया में 7.2 डिग्री, नौगांव में 8 डिग्री, दमोह-मंडला में 8 डिग्री, दतिया में 8.3 डिग्री, बैतूल में 8.5 डिग्री, सतना में 8.7 डिग्री, शिवपुरी में 9 डिग्री, गुना में 9.5 डिग्री, छिंदवाड़ा, खरगोन और रतलाम में 9.8 डिग्री दर्ज किया गया।

मंदसौर और शहडोल में भी कड़ाके की ठंड पड़ी। रीवा, सागर, ग्वालियर और चंबल संभाग के जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। सुबह और शाम को विजिबिलिटी काफी कम हो जाती है, जिससे सड़क यातायात पर असर पड़ सकता है। उत्तर से चल रही बर्फीली हवाओं के कारण यह ठंड बढ़ रही है।