सीहोर/इछावर. सीहोर जिले की इछावर तहसील मुख्यालय से 10 किमी दूर लसूड़िया कांगर गांव में दिल दहला देने वाला एक मामला सामने आया है। यहां पति पत्नी के बीच हुए विवाद में शुक्रवार सुबह पति ने अपनी ही पत्नी की फर्से से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद खुद ने जहर खा लिया और थाने पहुंच गया. पुलिस से कह दिया कि मैंने पत्नी को मार डाला। 5 बजे के करीब की यह घटना थी. यह बात सुनकर पुलिस दंग रह गई। इधर पुलिस ने आरोपी की हालत बिगड़ता देख इलाज के लिए उसे सीहोर जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
लसूड़िया कांगर निवासी 55 वर्षीय महिला जशोदाबाई (अजा) और उसके पति हरिनारायण के बीच आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती थी। पुलिस के अनुसार घटना से एक दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद हरिनारायण ने पत्नी जशोदाबाई की हत्या करने की ठान ली। सुबह पांच बजे करीब मौका मिलते ही जशोदाबाई के खटिया पर सोते समय फर्से से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपी जहर खाकर थाने पहुंच गया और पुलिस को घटना से अवगत करा दिया। जिसके बाद टीआइ ऊषा मरावी पुलिस बल के साथ लसूड़िया पहुंची और शव को पीएम के लिए इछावर अस्पताल लेकर आए। वहीं पुलिस ने आरोपी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार हरिनारायण की तीन शादी हुई थी और उसकी दो पत्नी की मौत हो चुकी है. जशोदाबाई तीसरी पत्नी थी। बताया जाता है कि आरोपी की तीन लड़की और एक लड़का है सभी की शादी हो गई है। पिता की हरकतों की वजह से पुत्र भी अलग रहता है। इस घटना के बाद से ही पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतिका के बेटे, बेटियों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।