मध्य प्रदेश में ठंड का कहर जारी है। कई जिलों में घना कोहरा छाया है। कुछ जिलों में कोल्ड वेव और कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। प्रदेश में शीतलहर का कहर बढ़ने से रात का तापमान 3 डिग्री से नीचे है। इस बीच, सुबह के समय राज्य का आधा हिस्सा कोहरे की चपेट में आ गया है। इस वजह से दिल्ली से मध्य प्रदेश आने वाली एक दर्जन से ज़्यादा ट्रेनें हर दिन 2 से 6 घंटे लेट हो रही हैं।
बीती रात शहडोल का कल्याणपुर सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री तक पहुंच गया। सीहोर, छिंदवाड़ा और मुरैना में पौधों पर ओस की बूंदें जम गईं। इंदौर में कड़ाके की ठंड के कारण आठवीं तक की क्लास सुबह 9:30 बजे से पहले नहीं लगेंगी। कलेक्टर शिवम वर्मा ने यह आदेश जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, जनवरी में भी ठंड रहेगी। हिमालय पर वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने के कारण अगले दो से तीन दिनों में इसका असर और तेज़ होगा। जैसे-जैसे बर्फ आगे बढ़ेगी, बर्फ पिघलने लगेगी और बर्फीली हवाओं की गति और भी ज्यादा बढ़ जाएगी।
गुरुवार की सुबह राज्य के उत्तरी इलाके में घना कोहरा देखा गया। इसमें ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सिद्धि, सिंगरौली, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर जिले शामिल हैं। भोपाल, इंदौर, रायसेन, शाजापुर, राजगढ़, सीहोर और देवास समेत कई जिलों में भी हल्का कोहरा देखा गया।
आधे राज्य में कोहरा छाया रहा। उमरिया और शहडोल में कोल्ड वेव की स्थिति बनी रही। भोपाल में दिन में ठंडी हवाएं चलीं।
रतलाम में गुरुवार को हलका कोहरा छाया रहा। मौसम खुलने से धूप भी निकली, लेकिन शीतलहर के कारण कंपकपाने वाली ठंड का असर बना हुआ है। अधिकतम तापमान 23.2 व न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मुरैना जिले के अंबाह में गुरुवार सुबह न्यूनतम तापमान 4° सेल्सियस तक पहुंच गया है। सुबह कोहरा होने के साथ ही शीत लहर चल रही है। पौधों पर ओस की बूंदें जम गई हैं। सुबह 9:30 बजे भी घना कोहरा छाया रहा।
पुराण डेस्क