भोपाल: मप्र में वन विभाग द्वारा नया मां शारदा देवी कंजर्वेशन रिजर्व बनाने की तैयारी की गई है तथा इसका प्रस्ताव वन मुख्यालय भोपाल की वन्यप्राणी शाखा को भेज दिया गया है।
प्रस्ताव में कहा गया है कि केन-बेतवा लिंक परियोजना के क्रियान्वयन के संबंध में भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून द्वारा पन्ना लैण्डस्केप मप्र एवं उप्र राज्य के लिए इंट्रीगे्रटेड लैण्डस्केप मैनेजमेंट प्लान 2022-23 से 2032-33 तैयार किया गया है, जिसका भारत सरकार द्वारा अनुमोदन किया गया है। इस इंट्रीगे्रटेड लैण्डस्केप मैनेजमेंट प्लान में पन्ना जिले के दक्षिण पन्ना सामान्य वनमण्डल के कल्दा परिक्षेत्र का सम्पूर्ण भाग एवं सलेहा परिक्षेत्र के सलेहा पर्वतमाला के कुछ हिस्सा, जो बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व एवं पन्ना टाइगर रिजर्व को जोडऩे वाला क्षेत्र है, वन्यजीव संरक्षण एवं संवर्धन की दृष्टि से अत्यंत उपुयक्त है।
जिसे कंजर्वेशन रिजर्व के रूप में अधिसूचित किये जाने का उल्लेख किया गया है। इस क्षेत्र से सतना वनमण्डल के वन्यप्राणियों के संरक्षण भी होगा तथा इस क्षेत्र को समुदाय आधारित पर्यटन या पर्यटन के साथ संबंध को सक्षम करने के लिए मैहर शारदा देवी कंजर्वेशन रिजर्व बनाया जाये। इस नये कंजर्वेशन रिजर्व को बनाने की वन्यप्राणी शाखा अनुशंसा भी कर दी है।
डॉ. नवीन आनंद जोशी