MP Weather: कड़ाके की ठंड के साथ होगी, नए साल की शुरुआत..कोहरे की चपेट में MP


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

MP Weather: पचमढ़ी सबसे ठंडा 3.6 डिग्री पर पहुंचा तापमान, ग्वालियर, रीवा, सागर-जबलपुर संभाग में छाया कोहरा,  27 दिसंबर को आ रहा नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस, 2-3 दिन में एमपी में इसका दिखेगा असर..!!

MP Weather: उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण मध्य प्रदेश में शीतलहर बढ़ गई है। राज्य के कई इलाकों में तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है, जिससे सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री दर्ज किया गया है, जो इस मौसम का सबसे कम तापमान है। 

राज्य के 25 प्रमुख शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। घने कोहरे के कारण विज़िबिलिटी कम हो गई है, जिससे रेल यातायात पर असर पड़ा है। दिल्ली-भोपाल रूट पर कई ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 27 दिसंबर को वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने से नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ होगी।

पूरे राज्य में शीतलहर और घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया है। पचमढ़ी में 3.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम है। ग्वालियर, चंबल, रीवा और सागर संभाग के जिलों में सुबह विजिबिलिटी 200 से 500 मीटर तक कम हो गई थी, जिससे गाड़ियों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। राजधानी भोपाल में भी सुबह घना कोहरा देखा गया।

मौसम विभाग के अनुसार, 27 दिसंबर को हिमालय क्षेत्र में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होगा। इसके कारण अगले दो से तीन दिनों में मध्य प्रदेश में ठंडी हवाओं की रफ्तार बढ़ जाएगी। नए साल की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ होने की संभावना है। अगले पांच दिनों तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है, लेकिन ठंड बढ़ेगी। राज्य में शीतलहर जारी है। बीती रात कई जगहों पर न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। खजुराहो से रतलाम और ग्वालियर से दमोह तक ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई।

घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर रेल सेवाओं पर पड़ा है। दिल्ली से मध्य प्रदेश जाने वाली एक दर्जन से ज्यादा बड़ी ट्रेनें 5 से 8 घंटे देरी से चल रही हैं। शताब्दी, मालवा एक्सप्रेस और सचखंड एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को रेलवे स्टेशनों पर काफी परेशानी हुई।

बुधवार-गुरुवार की रात राज्य भर के 25 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा, जबकि कई जिलों में तापमान 5 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। बड़े शहरों में ग्वालियर में तापमान 7.0°C, इंदौर - 7.5°C, भोपाल - 8.4°C, जबलपुर - 10.0°C दर्ज किया गया।

वहीं राजगढ़ में 5 डिग्री सेल्सियस, रीवा में 5.4, शाजापुर में 5.5, कल्याणपुर में 5.7, नौगांव में 6.4 और शिवपुरी में 6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। खजुराहो, दतिया, गुना और उमरिया में 7 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रिकॉर्ड किया गया। 

मौसम विभाग के मुताबिक, सतना में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस, गुना में 8.8 डिग्री सेल्सियस, खंडवा और रायसेन में 9 डिग्री सेल्सियस, मलाजखंड में 9.1 डिग्री सेल्सियस, मंडला में 9.2 डिग्री सेल्सियस, खरगोन में 9.4 डिग्री सेल्सियस, दमोह में 9.5 डिग्री सेल्सियस, छिंदवाड़ा और टीकमगढ़ में 9.6 डिग्री सेल्सियस और बैतूल में 9.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। कई शहरों में घना कोहरा छाया रहा।