इंदौर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां भोपाल में पदस्थ एक टीआई ने महिला एएसआई को पहले गोली मार दी और फिर खुद को गोली मार ली। घटना में टीआई की मौत हो चुकी है जबकि महिला एएसआई घायल है। पुलिस कंट्रोल रूम में हुई घटना से हड़कंप मच गया। अभी घटना के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
घटना इंदौर के रीगल चौराहे पर स्थित पुलिस कंट्रोल रूम की है। मृतक टीआई हाकम सिंह पंवार यहां एक महिला एएसआई रंजना खेड़े से मिलने पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने एएसआई रंजना खेड़े को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मारकर जाएं दे दी। पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र भी पुलिस कंट्रोल रूम पहुंच गए हैं।
बताया जा रहा है कि मृतक टीआई हाकम सिंह पहले इंदौर के खुडैल में पदस्थ रहे थे। इसके बाद वे खरगोन के महेश्वर और भीकनगांव में भी टीआई रहे हैं। वर्तमान में हाकम सिंह श्यामला हिल्स थाने भोपाल में तैनात थे। चार महीने पहले ही उनकी वहां पोस्टिंग हुई थी।
पुलिस कंट्रोल रूम में इंस्पेक्टर हाकम सिंह पंवार और महिला पुलिसकर्मी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद के बाद इंस्पेक्टर ने पहले महिला पुलिसकर्मी पर गोली चलाई और फिर को भी शूट कर लिया। बताया जा रहा है कि महिला आरक्षक से उनका लंबे समय से विवाद चल रहा था।