विश्वप्रसिद्ध केदारनाथ धाम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवती को अपने बॉयफ्रेंड को प्रपोज़ करते हुए देखा जा सकता है। युवती हाथ में एक बॉक्स लिए दिख रही है जिसे उसने पीछे छुपाया होता है। इसके बाद वह घुटनों के बल बैठकर अपने पार्टनर को प्रपोज करती है। जिसके बाद दोनों एक दूसरे को गले लगाते हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद कई तरह की प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। यूजर्स का कहना है, कि केदारनाथ यात्रा अब पिकनिक स्पॉट बनती जा रही है। धाम में कोई भी ऐसा भक्त नहीं मिलता, जो भगवान में सच्ची आस्था लेकर आया हो। यहां चारों तरफ लोग मोबाइल फोन थामे नजर आते हैं। हर कोई अपनी-अपनी रील बनाने में लगा हुआ है।
कुछ लोगों ने ये भी कहा कि केदारनाथ धाम से ऐसे वीडियो आने शुरू हो गए हैं, अब यहां मोबाइल फोन ले जाना ही बैन कर देना चाहिए। बता दें कि वायरल वीडियो में दिख रही लड़की भारत की पहली महिला मोटो व्लॉगर राइडर गर्ल विशाखा है।
विशाखा को मणिपुर समेत कई राज्यों के पर्यटन विभाग ने राज्य का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया है। इससे पहले विशाखा ने मुंबई से कन्याकुमारी तक बाइक राइड की थी। आज उनके 1 मिलियन से भी ज्यादा फैन हैं। जबकि इंस्टाग्राम पर उनके 821 हजार फॉलोअर्स हैं। विशाखा ने इस प्रपोजल का वीडियो भी इंस्टा पर अपलोड किया है।