ट्रम्प ने किया जीत का ऐलान, बोले- ईरान की सेना हमारे कंट्रोल में, 2-3 हफ्ते में करेंगे बड़ा हमला


Image Credit : X

स्टोरी हाइलाइट्स

अमेरिका ने साथ ही चेतावनी दी कि 2-3 हफ्ते में ईरान पर बड़ा हमला करेगा, ट्रम्प ने आगे कहा कि ईरान की मिसाइल-ड्रोन क्षमता और नौसेना खत्म हो गई है, सैन्य ताकत काफी कमजोर हो गई है। इस सैन्य अभियान का अहम मकसद पूरा होने वाला है..!!

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार सुबह राष्ट्र के नाम संबोधन दिया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका को ईरान जंग में जीत मिली है। साथ ही चेतावनी दी कि अमेरिका 2-3 हफ्ते में ईरान पर बड़ा हमला करेगा। ट्रम्प ने आगे कहा कि ईरान की मिसाइल-ड्रोन क्षमता और नौसेना खत्म हो गई है। सैन्य ताकत काफी कमजोर हो गई है। इस सैन्य अभियान का अहम मकसद पूरा होने वाला है।

ट्रम्प ने यह भी चेतावनी दी कि अगर समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका ईरान को स्टोन एज, यानी पाषाणकाल में भेज देंगे। हालांकि उन्होंने यह दावा भी किया कि ईरान में सत्ता परिवर्तन हो चुका है और नई लीडरशिप पहले से कम कट्टर है। ट्रम्प ने 19 मिनट का भाषण दिया। हालांकि उनके संबोधन में कोई नया ऐलान नहीं किया। वही बातें दुहराईं जो पिछले कुछ समय से कहते रहे हैं।

उन्होंने युद्ध की लागत और इसके लंबा खिंचने से चिंतित अमेरिकियों से कहा कि वे इस संघर्ष को सही नजरिए से देखें। उन्होंने इराक (8 साल) और वियतनाम (19 साल) जैसे पिछले अमेरिकी युद्धों का जिक्र करते हुए कहा कि ईरान जंग तो अभी दूसरे महीने में ही पहुंची है। ट्रम्प ने ईरान से युद्ध खत्म करने के लिए बातचीत की मांग की, जबकि एक दिन पहले ही उन्होंने कहा था कि उन्हें समझौते की जरूरत नहीं है।

उन्होंने होर्मुज स्ट्रेट संकट को लेकर कहा कि इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी दूसरे देशों को लेनी चाहिए। हालांकि, एक दिन पहले ही उन्होंने कहा था कि होर्मुज खोले बिना कोई समझौता नहीं होगा।

ट्रम्प के भाषण के बाद तेल की कीमतें बढ़ीं

ट्रम्प के संबोधन के कच्चे तेल की कीमतों में तेजी देखी गई। ट्रम्प ने चेतावनी दी कि आने वाले हफ्तों में अमेरिका ईरान पर हमले और तेज कर सकता है। उन्होंने ईरान के बिजली संयंत्रों और तेल कारोबार को निशाना बनाने की धमकी दोहराई थी। बाजार को उम्मीद थी कि ट्रम्प के भाषण से तनाव कम होने के संकेत मिलेंगे, लेकिन इसके उलट ट्रम्प ने मिडिल ईस्ट के तेल पर निर्भर देशों से कहा कि वे खुद ही होर्मुज संकट को संभालें और फिलहाल अमेरिकी तेल खरीदें।

इस भाषण के बाद अमेरिका का बेंचमार्क वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट कच्चा तेल भाषण से पहले करीब 98 डॉलर प्रति बैरल था, जो रात 10 बजे (अमेरिकी समय) तक बढ़कर लगभग 104 डॉलर पहुंच गया। वहीं अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड भी इसी दौरान करीब 100 डॉलर से बढ़कर लगभग 106 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया।