World Toilet Day 2024: 19 नवंबर मंगलवार को विश्व शौचालय दिवस मनाया जा रहा है। ये दिन अपने आप में ही खास है। खास इसलिए क्योंकि ये दिन हर एक व्यक्ति की व्यक्तिगत स्वच्छता से जुड़ा हुआ है। टॉयलेट हम सभी की बुनियादी जरूरतों में से एक है। यह समस्या हर व्यक्ति, समाज और स्वास्थ्य से भी जुड़ी है। इसलिए आज के दिन को हर साल विश्व शौचालय दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य बीमारियों से बचाव के लिए अच्छी स्वच्छता और स्वस्थ शौचालय की आदतों को बढ़ावा देना है। इसमें न केवल खुले में शौच की रोकथाम जैसे मुद्दे शामिल हैं बल्कि कई अन्य उद्देश्य भी शामिल हैं।
जानते हैं विश्व शौचालय दिवस 2024 की थीम और यह दिन क्यों मनाया जाता है। वर्ल्ड टॉयलेट डे 2024 की थीम है 'शौचालय – शांति के लिए एक स्थान' (Toilets – A Place for Peace)। इस वर्ष की थीम इस बात पर जोर देती है कि संघर्ष, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक आपदाओं के कारण अरबों लोगों को स्वच्छता के लिए बढ़ते खतरों का सामना करना पड़ रहा है।
विश्व शौचालय दिवस की शुरुआत 2001 में जैक सिम ने सिंगापुर में की थी। तब से हर साल 19 नवंबर को विश्व शौचालय दिवस मनाया जाता है। इस एनजीओ का उद्देश्य स्वच्छता के महत्व को उजागर करना था और 2007 में इसे सस्टेनेबल सेनिटेशन एलायंस से समर्थन प्राप्त हुआ।
फिर संयुक्त राष्ट्र द्वारा पानी और स्वच्छता के अधिकार को बुनियादी मानव अधिकार के रूप में मान्यता देने के बाद, वर्ष 2010 में इस दिन को विश्व शौचालय दिवस के रूप में व्यापक रूप से मान्यता दी गई और तब से पूरी दुनिया इस दिन को मनाने लगी। शौचालय हमारे जीवन में एक आवश्यक सुरक्षित स्थान है। लेकिन दुनियाभर के लोगों के जीवन में इस बुनियादी सुविधा को पा पाना अभी भी मुश्किलों से भरा है।
यह हमारे स्वास्थ्य और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। लेकिन जब टॉयलेट्स कम हों, डेमेज या टूटे हुए हों, तो इससे प्रदूषण फैलने का खतरा और भी बढ़ जाता है। जिसके चलते आम जन कई घातक बीमारियों के शिकार भी हो जाते हैं। ये दिन आम जन की इन्हीं सब परेशानियों और समस्याओं को उजागर करता है। इन्हीं सब सम्स्याओं के निराकरण के लिए विश्व शौचालय दिवस मनाया जाता है। ताकि हर किसी को शौचालय की सुविधा मिल सके।