दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम पर सस्पेंस खत्म होने में अब कुछ ही घंटे बचे हैं। कैबिनेट बैठक के बाद पीएम मोदी के आवास पर संसदीय दल की बैठक संपन्न हो गई है। इस बैठक में दो केंद्रीय पर्यवेक्षकों के नामों को अंतिम रूप दिया गया।
भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने दिल्ली प्रदेश में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु रवि शंकर प्रसाद, सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री तथा ओम प्रकाश धनखड़, राष्ट्रीय सचिव, भाजपा को केन्द्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।
ये केंद्रीय पर्यवेक्षक शाम को भाजपा विधायक दल की बैठक में जाएंगे और वहां शाम 6:30 बजे होने वाली बैठक में दिल्ली के मुख्यमंत्री के नाम का प्रस्ताव रखेंगे। मुख्यमंत्री के चयन की भाजपा की परंपरा के अनुसार, शेष विधायक इसका अनुमोदन करेंगे।
इसके बाद सभी विधायक और विधायक दल के नेता एलजी ऑफिस जाएंगे। वहां सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। उपराज्यपाल विधायक दल के नेता को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह पूर्व निर्धारित समयानुसार 20 फरवरी को दोपहर 12 बजे होगा। मिली जानकारी के अनुसार दिल्ली में बीजेपी सरकार में 7 मंत्री बनाए जा सकते हैं।