शिंदे गुट में फूट..! विधायक ने मंत्री न बनाने पर उद्धव ठाकरे की जमकर तारीफ की


स्टोरी हाइलाइट्स

Maharashtra Cabinet: औरंगाबाद पश्चिम विधायक संजय शिरसाट ने महाराष्ट्र में हुए सत्ता संघर्ष के बीच बागी तेवर दिखाते हुए एकनाथ शिंदे का साथ दिया था. इसका ख़ुलासा उनके एक ट्विट से सामने आया..!

महाराष्ट्र में लंबे इंतजार के बाद सीएम एकनाथ शिंदे ने अपने कैबिनेट का विस्तार किया, लेकिन अब विधायक मंत्री पद नहीं मिलने पर नाराजगी जताने लगे हैं। औरंगाबाद पश्चिम से तीन बार से विधायक संजय शिरसाट ने मंत्री न बनाए जाने पर नाराजगी जतानी शुरू कर दी है। उन्होंने ट्वीट कर उद्धव ठाकरे की जमकर तारीफ करते हुए सीएम शिंदे के खिलाफ नाराजगी जताई।

ट्वीट में शिरसाट ने उद्धव ठाकरे को 'महाराष्ट्र परिवार का मुखिया' बताया। हालांकि, ट्वीट पोस्ट करने के 10 मिनट बाद, शिरसाट ने इसे हटा दिया और स्पष्ट किया कि ट्वीट एक तकनीकी गड़बड़ी थी। एक मराठी न्यूज चैनल से बात करते हुए विधायक ने कहा कि शिंदे गुट में हम सभी बहुत खुश हैं। लेकिन सच्चाई यह भी है कि ट्विट पोस्ट होने के तुरंत बाद ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। लोगों ने विधायक को घेरना शुरू कर दिया था, जिसके तुरंत बाद यह पोस्ट हटा दी गई।  

महाराष्ट्र में सत्ता संघर्ष के बीच औरंगाबाद पश्चिम विधायक संजय शिरसाट ने विद्रोही रवैया दिखाया और एकनाथ शिंदे गुट का समर्थन किया था। शिंदे खेमे में होने के कारण उन्हें कैबिनेट में शामिल करने की बात शुरू से ही चल रही थी। मंत्री पद नहीं मिलने को लेकर उन्होंने कहा कि मेरी नाराजगी स्वाभाविक है। मैं 38 साल से राजनीति में हूं और मुझे मंत्री पद मिलना चाहिए था। हालांकि, वह ट्वीट सिर्फ़ तकनीकी कारणों से हुआ। मैं कहीं नहीं जा रहा हूँ।

कैबिनेट विस्तार के बाद भी शिंदे गुट में नाराजगी!

महाराष्ट्र में पहला कैबिनेट विस्तार हो चुका है, लेकिन पार्टी का अंदरूनी विवाद अब भी कायम है। सूत्रों के मुताबिक, विभाग बंटवारे को लेकर एकनाथ शिंदे और भाजपा के बीच रस्साकशी चल रही है। कैबिनेट में किसी भी महिला को शामिल न किए जाने की सबसे ज्यादा आलोचना भी हो रही है। भाजपा नेता पंकजा मुंडे ने गुरुवार को महाराष्ट्र मंत्रिमंडल के विस्तार के दौरान महिला को एक भी सीट नहीं दिए जाने पर नाराजगी जताई।