Weather Update in India : दिल्ली-यूपी सहित उत्तर भारत में शीत लहर, इन राज्यों में हो सकती है बारिश


Image Credit : twiter

स्टोरी हाइलाइट्स

दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. दरअसल, मौसम विभाग ने कहा कि आज यानी 22 जनवरी से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में बारिश, ओलावृष्टि और भीषण ठंड पड़ेगी. IMD ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के 19 जिलों में तूफान, ओलावृष्टि और बारिश के पूर्वानुमान के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया...

राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस बीच, मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहा कि आज कई उत्तरी भारतीय राज्यों में मौसम बदल सकता है। दरअसल, मौसम विभाग ने कहा कि आज यानी 22 जनवरी से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान में बारिश, ओलावृष्टि और भीषण ठंड पड़ेगी। दिल्ली वासियों को पिछले एक हफ्ते से लगातार ठंड का सामना करना पड़ रहा है। दूसरी तरफ यूपी में ठंड और कोहरे की मार पड़ी है, वहीं बिहार में लोग शीतलहर की चपेट में आ गए हैं। राजस्थान में भी ठंड जारी है।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने शुक्रवार को मध्य प्रदेश के 19 जिलों में तूफान, ओलावृष्टि और बारिश के पूर्वानुमान के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया। आईएमडी ने ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, निवाड़ी, छतरपुर और टीकमगढ़ जिलों में कई स्थानों पर मध्यम से भारी कोहरे का 'येलो अलर्ट' जारी किया है। अधिकारी ने कहा कि दोनों अलर्ट शनिवार तक प्रभावी रहेंगे।

इस बीच, ग्वालियर, शिवपुरी, गुना, दतिया, अशोक नगर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, नीमच, मंदसौर, रतलाम, राजगढ़, आगर मालवा, विदिशा, टीकमगढ़, छतरपुर, निवाड़ी, दमोह और सागर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के भोपाल कार्यालय में वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पी.के. साहा ने कहा कि दो-तीन दिनों तक बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे नागरिकों को ठंड से राहत मिलेगी। हालांकि, पश्चिम मध्य प्रदेश में तीन दिनों के बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है।

साहा ने कहा कि मध्य प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान छतरपुर जिले के खजुराहो में 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 25.6 और 11.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से अधिक है। इंदौर में न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस और 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबलपुर में अधिकतम 25.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि ग्वालियर में अधिकतम 16.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 7.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

बारिश या बर्फबारी की संभावना : कश्मीर

कश्मीर घाटी के अधिकांश हिस्सों में लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली और केवल गुलमर्ग और पहलगाम पर्यटन स्थलों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया। इस बीच, मौसम विज्ञानियों ने शनिवार से अगले दो दिनों तक केंद्र शासित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह घोषणा की। मौसम विभाग ने कहा कि सक्रिय पश्चिमी मानसून शनिवार से अगले दो दिनों तक जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश या बर्फबारी का कारण बन सकता है।